https://www.ganeshaspeaks.com/hindi/

शुक्र गोचर 2019: 10 मई से मेष राशि में आ रहे हैं शुक्र, जानिए आप पर क्या प्रभाव

शुक्र गोचर 2019: 10 मई से मेष राशि में आ रहे हैं शुक्र, जानिए आप पर क्या प्रभाव

10 मई 2019 से शुक्र मेष राशि में गोचर रहे हैं। मीन में वे उच्च राशि में थे। अब 10 मई 2019 07:19 बजे मेष राशि में प्रवेश कर रहे हैं, ऐसे में विभिन्न राशियों पर इसका अलग-अलग प्रभाव देखने को मिलेगा। शुक्र के इस गोचर का आपकी राशि पर क्या प्रभाव होगा, आइए जानते हैं-

मेष राशि

शुक्र राशि परिवर्तन कर मेष में आ रहे हैं, जो मेष राशि वाले जातकों के लिए अनुकूल साबित हो सकता है। इस अवधि में आपकी मनोकामना पूरी हो सकती है। आप समाज में अलग पहचान बनाने में सफल हो सकेंगे। इतना ही नहीं शुक्र का यह गोचर आपके लिए धन लाभ के योग भी बना रहा है। प्रेम संबंधों में मधुरता आएगी। साथ ही जीवन साथी का पूरा साथ मिलेगा। इस दौरान कार्यक्षेत्र में पदोन्नति की भी संभावना है।

वृष राशि

राशि स्वामी शुक्र का परिवर्तन राशि से 12वें स्थान में होना आपके लिए लाभकारी हो सकता है। हालांकि भौतिक सुख तो मिल सकता है, लेकिन आपके खर्चों में बढ़ोतरी की भी प्रबल संभावनाएं हैं। कोर्ट कचहरी के मामलों में धन खर्च हो सकता है। इस दौरान अपने जीवनसाथी के स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। इस अवधि में विदेश या किसी लंबी यात्रा के भी योग हैं।

मिथुन राशि

शुक्र का आपकी राशि से लाभ स्थान में आना पेशेवर और वित्तीय जीवन के लिए अच्छा साबित हो सकता है। इस अवधि में आपको आर्थिक लाभ हो सकता है। कार्यक्षेत्र में भी तरक्की के अवसर मिल सकते हैं। कहीं दूरस्थ स्थल से या किसी महिला मित्र से लाभ हो सकता है। प्रेम संबंधों की बात करें, तो इस अवधि में साथी का पूरा साथ मिलेगा। परिवार के साथ समय व्यतीत हो सकेगा। जीवन साथी के लिए यह समय बेहतर रहेगा।

कर्क राशि

शुक्र का कर्म भाव में आना आपके लिए शुभ संकेत है। आपको कार्यक्षेत्र में तरक्की मिल सकती है। किसी महिला मित्र का साथ लाभकारी साबित हो सकता है। आपका पारिवारिक जीवन सामान्य रहेगा। आप उनके साथ बेहतर समय व्यतीत कर सकेंगे। घर और वाहन सुख की प्राप्ति हो सकती है। इस अवधि में धन प्राप्ति के भी संकेत मिल रहे हैं। इतना ही नहीं विद्यार्थी भी पढ़ाई की ओर ध्यान दे सकते हैं।

सिंह राशि

भाग्य स्थान में शुक्र का आना सिंह राशि वालों के लिये भाग्योन्नति का संकेत दे रहा है। आपके कार्यक्षेत्र में बदलाव हो सकता है। कोई लंबी यात्रा भी हो सकती है। पूर्व में की गई मेहनत का फल इस दौरान मिल सकता है। आपको जीवनसाथी का पूरा साथ मिलेगा। आपके मान-सम्मान में भी वृद्धि होगी। किसी भी प्रोजेक्ट में निवेश से आपको लाभ मिलेगा। कार्य में प्रगति भी होगी। इस अवधि में आपका स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।

कन्या राशि

शुक्र आपकी राशि से आठवें भाव में आ रहा है, जो आपके लिए धन हानि का कारण भी बन सकता है। इतना ही नहीं आपके खर्चों में भी अनावश्यक रुप से बढ़ोतरी हो सकती है। इस स्थिति में आपको अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की जरुरत होगी। पिता के स्वास्थ्य में भी गिरावट आ सकती है। हालांकि कॅरियर से जुड़ी कोई खुशखबरी भी आपको मिल सकती है। आपको मानसिक अशांति का एहसास हो सकता है।

तुला राशि

राशि स्वामी शुक्र का सातवें भाव में प्रवेश आपके लिए शुभ साबित हो सकता है। इस अवधि में नए प्रेम संबंध शुरू हो सकते हैं। आपका व्यक्तिगत जीवन बेहतर रहेगा। साथ ही जीवनसाथी से भी पूरा सहयोग मिलेगा। हालांकि किसी छोटी बात पर जीवनसाथी के साथ मतभेद भी हो सकता है। कार्यक्षेत्र के लिए भी यह अवधि बेहतर है और इसमें प्रगति हो सकती है। व्यावसायिक तौर पर भी काम आगे बढ़ सकता है। इस अवधि में आपका स्वास्थ्य बेहतर रहेगा, जिसका लाभ आपको कार्यक्षेत्र में मिलेगा।

वृश्चिक राशि

शुक्र का गोचर छठे भाव यानी स्वास्थ्य और प्रतिद्वंदियों के कारक भाव में हो रहा है, जो आपके लिए समस्या उत्पन्न कर सकता है। इस अवधि में आपके वैवाहिक जीवन में समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से भी आपको सावधान रहने की जरूरत है। महिला मित्रों के साथ संबंध बेहतर रखें, अन्यथा आपको परेशानी हो सकती है। व्यापार और कार्यस्थल पर विरोधियों और प्रतिद्वंदियों से सतर्क रहने की जरूरत हो सकती है। कार्यक्षेत्र में बेहतर माहौल रहेगा।

धनु राशि

धनु राशि वालों के लिए शुक्र का यह परिवर्तन पांचवें भाव में हो रहा है। यह आपके प्रेम संबंधों के लिए बेहतर साबित हो सकता है। हालांकि साथी के साथ किसी बात पर झड़प भी हो सकती है। अविवाहितों के रिश्ते तय हो सकते हैं। इस अवधि में कला के क्षेत्र में सफलता हासिल हो सकती है। इस अवधि में संतान पक्ष की ओर से कोई सकारात्मक खबर मिल सकती है। बच्चों की शिक्षा संबंधी चिंता का भी समाधान हो सकेगा।

मकर राशि

शुक्र के आपकी राशि से सुख भाव में आना आपके लिए लाभकारी हो सकता है। आप आपने पार्टनर के साथ ज्यादा से ज्यादा समय व्यतीत कर पाएंगे। कार्यक्षेत्र में भी आपका प्रदर्शन बेहतर रहेगा। इस अवधि में आपकी वित्तीय स्थिति बेहतर हो सकती है। संपत्ति के लेन-देन संबंधी मामलों में भी आपको लाभ हो सकता है। परिवार में खुशियों का माहौल रहेगा।

कुंभ राशि

शुक्र आपके पराक्रम के भाव में आ रहे हैं। इससे आपके पेशेवर और वित्तीय जीवन में स्थिरता बनी रहेगी। परिजनों के साथ कहीं घूमने की योजना बन सकती है। किसी छोटी यात्रा पर भी जा सकते हैं। आपको किसी शुभ समाचार की भी प्राप्ति हो सकती है। इस अवधि में परिवार और जीवन साथी के साथ व्यहेतर समय व्यतीत कर सकते हैं। कोई नया रिश्ता बन सकता है। भाई-बहनों के साथ रिश्तों में मधुरता आ सकता है।

मीन राशि

शुक्र का परिवर्तन मीन राशि से ही हो रहा है। धन भाव में शुक्र के आने से धन प्राप्ति के योग बन रहे हैं। आप अपनी वाणी से लोगों को आकर्षित कर सकेंगे। आय के नए स्रोत उत्पन्न होंगे। विवाहितों को ससुराल से लाभ मिल सकता है। भाई-बहन से सहायता मिल सकती है। इस अवधि में जीवन साथी के स्वास्थ्य का ख्याल रखें।

श्रीगणेशजी के आशीर्वाद के साथ,
गणेशास्पीक्स डॉट कॉम/हिंदी

ये भी पढ़ें-
महेश नवमी 2019 – पढ़ें महेश नवमी की कथा, पूजन विधि के बारे मेंलोकसभा चुनाव2019- पढ़ें गणेशास्पीक्स डॉट कॉम/हिंदी की विशेष प्रस्तुति

सात मई से साथ आए हैं मंगल-राहु, जानिए क्या है आपकी कुंडली पर प्रभाव

Continue With...

Chrome Chrome