https://www.ganeshaspeaks.com/hindi/

मकर राशि में चार ग्रहों की युति: देखिए क्या होने वाला है आपकी राशि पर असर

मकर राशि में चार ग्रहों की युति: देखिए क्या होने वाला है आपकी राशि पर असर

कैसी रहेगी मकर राशि में 4 ग्रहों की महायुति

इस बार की मकर संक्रांति कुछ खास होने वाली है। इसके लिए एक खगोलीय घटना जिम्मेदार है। जैसा कि सभी जानते हैं कि मकर संक्राति के दिन सूर्य का मकर राशि में प्रवेश होता है। इस बार सूर्य अकेले वहां नहीं होंगे। सूर्य के अलावा और भी ग्रह हैं जो मकर राशि में गोचर करेंगे और एक महासंयोग बनाएंगे। जब 3 से ज्यादा ग्रह एक ही राशि में आ जाते हैं, उस स्थिति को स्टैलियम या महायुति या महासंयोग कहा जाता है। मकर राशि में शनि और गुरु पहले से ही है, अब वहां बुध और सूर्य भी होंगे।

मकर राशि में चार ग्रहों का संयोग

14 जनवरी से मकर राशि में 4 ग्रहों का मिलन होगा। सूर्य के साथ गुरु, शनि और बुध भी मकर राशि में रहेंगे। मकर का स्वामी ग्रह शनि है, जिसके सूर्य के साथ अच्छे संबंध नहीं माने जाते हैं। 4 राशियों का एक साथ इक्कट्ठा होना, नि:संदेह बहुत सारी संभावनाओं और संजोगों को जन्म देगा। ये जानना कम रोचक नहीं होगा की पिता-पुत्र यानी सूर्य-शनि का साथ क्या रंग लाएगा। साथ ही बुध जो कि सूर्य का सबसे निकट का ग्रह है, किस तरह से सूर्य का आवभगत मकर राशि में बैठ कर करेगा। इन 4 ग्रहों का मिलन कितना मंगलकारक और कितना अमंगलकारक होगा और आपकी राशि पर इसका क्या प्रभाव होगा आइए जानते हैं।

भारत पर महायुति का प्रभाव

14 जनवरी, जब पूरा भारत मकर संक्राति के धूम-धाम में लगा होगा, 4 ग्रह मकर राशि में प्रवेश करेंगे। सूर्य और शनि का साथ आना वैसे भी मंगलकारी नहीं माना जाता है और यहां तो सूर्य और शनि के अलावा बुध और गुरु भी प्रवेश कर रहे हैं। इन चार ग्रहों का प्रभाव भारतवर्ष पर अच्छा नहीं रहेगा। 2020 के आपदाओं का थोड़ा असर दिखाई देगा। महासंयोग के असर से प्रसिद्ध लोगों पर किसी भी बात को लेकर लांछन लग सकते हैं, साथ ही उन्हें शारीरिक चोट या समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। भारत के लिए वित्तीय स्थिति भी अच्छी नहीं रहेगी। आर्थिक मामलों में मंदी रहेगी। भारत के दक्षिणी क्षेत्र में स्थित पड़ोसी देशों को प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ेगा, जिसके कारण जान-माल की काफी हानि होगी।

विश्व पर महासंयोग का प्रभाव

2021, पिछले साल 2020 के बोझ के साथ आगे बढ़ेगा। 4 ग्रहों के साथ से बनाने वाली यह युति पूरे विश्व के लिए एक नकारात्मक असर ले कर आ रही है। इस बार की सम्भावना बहुत ज्यादा है कि विश्व प्रसिद्ध व्यवसायियों और राजनेताओं को इस दुनिया को अलविदा कहना पड़े। बहुत सारे देशों के लिए विदेशी मुद्रा एक समस्या रहेगी और उन्हें मंदी का सामना करना पड़ेगा। विश्व के दक्षिणी क्षेत्र के देशों को प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ेगा।

वसुधैव कुटुम्बकम् यानी पूरा विश्व एक बड़े परिवार की तरह है। फिर भी हमारे लिए हमारा परिवार सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। हम अपने परिवार को हमेशा सुरक्षित देखना चाहते हैं तो ये महयुति हमारे जीवन पर क्या असर डालेगा, इस बारे में हम सब जानने के इच्छुक होंगे। आइए जानते हैं कैसा रहेगा सभी राशियों पर महासंयोग का प्रभाव –

महासंयोग का मेष राशि पर प्रभाव

4 राशियों की यह युति मेष राशि के लिए अच्छे असर ले कर आएगा। ये समय विद्यार्थियों के लिए काफी अच्छा रहेगा। ग्रहों के असर से आपका ध्यान पढ़ाई में लगेगा और आपकी परीक्षाएं काफी अच्छी रहेंगी। नौकरीपेशा और व्यवसायियों के लिए भी ये समय काफी अच्छा रहेगा। आपको नए अवसर प्राप्त होंगे, जो आपको आर्थिक लाभ भी दिलाएंगे। 2020 के नुकसान के बाद ये समय आपके लिए अच्छे लाभ लाएगा, जिससे आपका वित्तीय क्षेत्र स्थिर होगा। आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और आप जोश बना रहेगा। यदि आप किसी संपत्ति या वाहन संबंधित चीजों में फंस जाएं, तो परेशान ना हो। आप जल्दी ही इन समस्याओं से बाहर निकल आएंगे। आप बड़ों का आशीर्वाद जरूर लें। उनका सहयोग पूरे समय बना रहेगा।

महासंयोग का वृषभ पर प्रभाव

महायुति का योग वृषभ के लिए काफी सारे अच्छे अवसर लेकर आया है। विद्याथियों के लिए ये समय काफी अच्छा है। उनके पास अच्छा परिणाम लाकर ऊपरी पायदान पर बने रहना मुश्किल नहीं होगा। शनि, गुरु, सूर्य और बुध के मकर राशि में इकट्ठा होने से नौकरीपेशा और व्यापार से संबंधित लोगों के लिए चीजें उनके मन मुताबिक हो जाएंगी। यदि आपने कुछ पहले से कुछ अच्छी योजनाएं बनाई हुई हैं तो उसके अनुसार ही काम करें। सफलता आपके कदम चूमेगी। आर्थिक खर्चों में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है, आपकी कठिन मेहनत के बल पर आप अच्छा कमाएंगे। कुछ खर्चे आज के निवेश की तरह होंगे, जो भविष्य में आपको अच्छा फल देंगे। दोस्तों से अच्छे संबंध रहेंगे। इन सब फायदों के बीच स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही नहीं बरते। छोटी-मोटी स्वास्थ्य संबंधी समस्या परेशान कर सकती है।

सूर्य, बुध, शनि और गुरु की महायुति का प्रभाव मिथुन पर

जरूरी नहीं होता कि हर राशि पर ग्रहों का प्रभाव एक जैसा रहें। कुछ के लिए ये काफी अच्छा रहता है तो कुछ के लिए कुछ खास अच्छा नहीं होता है। मिथुन राशि के विद्याथियों के लिए ये समय अच्छा नहीं रहेगा। इस बार कठिन परिश्रम के बाद में आपको मनचाहा परिणाम नहीं मिलेगा। इस वजह से आप थोड़े परेशान और तनाव में रह सकते हैं। नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए ये समय कठिन होगा। आप काम में प्रेरणा की कमी महसूस करेंगे। स्वतंत्र व्यापारी इस समय कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय ना लें। अगर आप किसी पैतृक सम्पत्ति के मामलों में उलझे हैं, तो फैसला आपके हित में हो सकता है। आपको अच्छा वित्तीय फायदा भी हो सकता है। इस सभी बातों के बीच अपने स्वास्थ्य का खास ख्याल रखें।

कर्क के लिए कैसा रहेगी महायुति

मकर राशि में चार ग्रहों की महायुति विद्यार्थियों के लिए अच्छी रहेगी। उनकी एकाग्रता में वृद्धि होगी और अपना ध्यान पढ़ाई में लगा पाएंगे। मकर संक्राति पर त्योहार का माहौल जरूर अच्छा रहेगा, लेकिन अगर आप ये समय पढ़ाई में लगाते हैं, तो आपके लिए अच्छा फल लाएगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए ये समय कुछ खास बदलाव नहीं ला पाएगा। समस्याओं का सामना करने के लिए डटकर खड़ा रहना पड़ेगा। तनाव का माहौल बन सकता है, इसलिए अपने काम पर ज्यादा ध्यान दें। पैसे से किसी की मदद करने से पीछे ना हटें, ये भविष्य में आपके लिए अच्छा फल लाएगा। किसी भी समस्या में आप अकेले नहीं हैं, आपके जीवनसाथी आपके साथ हैं।

सिंह राशि पर चार ग्रहों के महासंयोग का असर

शेर कभी भी दहाड़ने से पीछे नहीं हटते हैं। 2021 का समय भी अपवाद नहीं रहेगा। विद्याथियों के लिए ये समय काफी अच्छा रहेगा। मकर में सूर्य की रोशनी के साथ विद्यार्थियों का ध्यान बढ़ेगा और वो अच्छे परिणाम ला सकेंगे। नौकरीपेशा लोगों को अपने वरिष्ठ अधिकारियों से अच्छा सहयोग मिलेगा, जिसके कारण आपके काम का प्रदर्शन अच्छा होगा। अपने प्रयत्नों और एनर्जी के बल पर आपको आपके व्यापार में अच्छा लाभ मिलेगा। अगर आप इस समय अपना व्यापार बढ़ाने के बारे में सोच रहे हैं तो आपको ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। आर्थिक मामलों में मजबूती आएगी, और पहले से चली आ रही अव्यवस्था की स्थिति सुधरेगी। शनि और गुरु के कारण स्वास्थ्य की लापरवाही आपको नुकसान दे सकती है।

कन्या राशि के लिए कैसा होगा चार ग्रहों का संयोग

आपके द्वारा किए कठिन परिश्रम का फल आपको जरूर मिलेगा। यदि आप सही योजना के साथ आगे बढ़ेंगे, तो कोई भी आपको आपके लक्ष्य तक पहुंचने से नहीं रोक सकता है। विद्यार्थी अगर मेहनत करें तभी वे अपनी मंजिल तक पहुंच पाएंगे। ये महायुति आपके कार्यस्थल में आपके लिए नई संभावनाएं ले कर आएंगी। मकर राशि में सूर्य, बुध, शनि और गुरु के कारण आपको आपके काम के लिए प्रशंसा और सम्मान प्राप्त होगा और वेतन में वृद्धि भी मिल सकती है। प्रेम संबंधों में कुछ मतभेद का सामना करना पड सकता है। कृपया अपनी भावनाओं पर काबू रखें और जीवनसाथी के साथ विवाद में न पड़ें। आपके बच्चे अपने क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। वित्तीय क्षेत्र में सुधार होगा और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

तुला राशि पर चार ग्रहों की महायुति का प्रभाव

मकर राशि में सूर्य के साथ शनि, गुरु और बुध का महासंयोग तुला के लिए कठिन समय लेकर आ सकता है, क्योंकि आपकी योजनाएं बाधित होती रहेंगी। विद्यार्थियों के लिए ये समय मुश्किलों से भरा रहेगा। त्योहार का मजा लेने की बजाय आपको अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए, नहीं तो आप समस्या में पड़ सकते हैं। हालांकि नौकरीपेशा लोगों के लिए समय ठीक रहेगा, लेकिन उन्हें बड़ा टारगेट मिल सकता है। स्वतंत्र व्यापारियों के लिए ये समय ठीक रहेगा, लाभ के साथ उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ेगी। आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और बैंक बैलेंस बढ़ेगा। लेकिन खर्च भी बढ़ सकते हैं।

वृश्चिक राशि पर कैसा होगा महायुति का प्रभाव

वृश्चिक राशि के लोगों के लिए महायुति का असर संभलने वाला होगा। इस दौरान आपके अपने भाई-बहन या चचेरे भाई-बहनों से किसी तरह के विवाद हो सकते हैं। हालांकि पिता के साथ आपकी अच्छी जमेगी। आप पिता का सम्मान करेंगे, और उनकी बातों को महत्व देंगे। इस दौरान भाग्य का साथ मिलने में थोड़ी दिक्कत आ सकती है। कोई नई गाड़ी खरीदने की योजना बना सकते हैं। इस दौरान आपमें बहुत पराक्रम रहेगा। हालांकि कानूनी दस्तावेजों के काम संभलवकर करना होंगे। विद्यार्थियों के लिए समय थोड़ा मुश्किल रहेगा।

धनु पर चार ग्रहों का असर

मकर राशि में चार ग्रहों की महायुति धनु राशि के लिए बढ़िया रहेगी। विद्यार्थियों के लिए ये समय पढ़ाई में ध्यान लगाने वाला होगा जिसके परिणाम स्वरूप वे अच्छा रिजल्ट और सफलता प्राप्त करेंगे। आपका कामकाजी जीवन भी अच्छा रहेगा। हालांकि थोड़े रुकावटों का सामना करना पड़ सकता है। पिछले अच्छे कर्मों का फल आपको मिलेगा। साथ ही आपके वित्तीय क्षेत्र में फायदे मिलेंगे जो अच्छे आर्थिक लाभ में बदलेंगे। व्यापारियों के लिए ये समय अच्छा रहेगा और व्यापार बढ़ेगा। स्वास्थ्य से संबंधित समस्या हो सकती हैं, इसलिए ध्यान रखें।

मकर राशि पर महायुति का परिणाम

‘स्वस्थ मस्तिष्क ही स्वस्थ शरीर की कुंजी है’-ये बात मकर राशि के लोगों को इस समय याद रखनी चाहिए। मकर राशि में चार ग्रहों के इकट्ठा होने से विद्यार्थियों को ध्यान केंद्रित करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। नौकरीपेशा लोगों को भी इस समस्या से दो-चार होना पड़ सकता है। वित्तीय मामलों में भी अस्थिरता बनी रहेगी। व्यापारियों को बाजार में बने रहने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत करनी पड सकती है। आपके कर्मचारी भी आपके लिए समस्या उत्पन्न कर सकते हैं। इस समय शांत रहना आपके लिए अच्छा रहेगा।

कुम्भ पर कैसा होगा चार ग्रहों की युति का असर

मकर राशि में सूर्य, शनि, गुरु और बुध का स्टैलियम कुम्भ के लिए अच्छा साबित नहीं होगा। त्योहार के समय की गयी मौज मस्ती भविष्य में आपको परेशान कर सकती है। इसलिए पढ़ाई से ध्यान भटकने ना दें। नौकरीपेशा लोगों के सामने भी भटकाव की स्थिति आएगी। खर्चों पर रोकथाम नहीं कर पाना आपके बचत को नुकसान पहुंचा सकती है। व्यापारियों को खर्च और कर्मचारियों दोनों से निपटना मुश्किल हो सकता है। अपने स्वास्थ्य के विषय में सजग रहें, नहीं तो समस्या हो सकती है।

मीन पर चार ग्रहों की महायुति का असर

मकर राशि में शनि, गुरु, सूर्य और बुध के कारण समय सामान्य से अच्छा रहेगा। विद्यार्थियों के लिए समय अच्छा रहेगा और वे एकाग्रचित होकर पढ़ाई कर पाएंगे। यदि आप किसी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए जाना चाहते हैं, तो आपको मनचाहा परिणाम मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए भी ये समय काफी अच्छा रहेगा और उन्हें कॅरियर में अच्छा विकास मिलेगा। आपकी पदोन्नति या वेतन बढ़ने की सम्भावना है। व्यापारियों को भी व्यापार में अच्छा फल मिलेगा जो उन्हें ऊंचाइयों तक ले जाएगा। आय के नए अवसर मिलेंगे, और आप नए लोगों को काम पर रखेंगे। स्वास्थ्य इस समय अच्छा रहेगा।

गणेशजी के आशीर्वाद सहित,
गणेशास्पीक्स डाॅट काॅम

Continue With...

Chrome Chrome