होम » ज्योतिष » नक्षत्र राशिफल 2027 » ज्येष्ठा नक्षत्र राशिफल 2027

ज्येष्ठा नक्षत्र 2027: यहाँ जानें ज्योतिष भविष्यवाणी, नक्षत्र तिथि और समय

ज्येष्ठा नक्षत्रों में अठारहवें स्थान पर आता है और पूरी तरह वृश्चिक राशि के भीतर, 16°40′ से 30°00′ तक फैला हुआ है। इसका स्वामी ग्रह बुध है और अधिष्ठाता देव इंद्र – देवताओं के राजा।

“ज्येष्ठा” का अर्थ ही है सबसे बड़ा, सबसे वरिष्ठ। और यही इस नक्षत्र का पूरा स्वभाव है। इइस नक्षत्र के जातकों में कम उम्र से ही जिम्मेदारियाँ संभालने और परिस्थितियों के कारण जल्दी परिपक्व होने की प्रवृत्ति देखी जा सकती है

इसके प्रतीक भी यही कहते हैं – छत्र, कुंडल और गोलाकार ताबीज़। तीनों सुरक्षा और अधिकार की निशानी हैं। छत्र वह है जो दूसरों को छाँव देता है, पर ख़ुद धूप में खड़ा रहता है। ज्येष्ठा जातक की पूरी कहानी इसी एक बात में है।

एक और बात ध्यान देने लायक़ है। पिछले दो नक्षत्रों – विशाखा और अनुराधा – से इसका सीधा नाता है। विशाखा के देवता इंद्र और अग्नि थे; ज्येष्ठा में इंद्र अकेले आते हैं, पूरे राजसी रूप में। तीनों नक्षत्र मिलकर एक ही यात्रा बनाते हैं: लक्ष्य चुनना, लोगों को जोड़ना, और फिर उनका नेतृत्व करना।

ज्येष्ठा नक्षत्र: एक नज़र में

विवरणजानकारी
नक्षत्र क्रमअठारहवाँ नक्षत्र
संस्कृत नामज्येष्ठा
अर्थसबसे बड़ा, सबसे वरिष्ठ
राशि और विस्तारवृश्चिक 16°40′ से 30°00′ तक
स्वामी ग्रहबुध
अधिष्ठाता देवइंद्र
प्रतीकछत्र / कुंडल / गोलाकार ताबीज़
तत्ववायु 
गणराक्षस गण
नाड़ीआदि
योनिमृग (हिरण)
स्वभावतीक्ष्ण
नाम अक्षरनो, या, यी, यू

ज्येष्ठ मास और ज्येष्ठा नक्षत्र का संबंध

जैसे वैशाख मास का नाम विशाखा नक्षत्र से आया है, वैसे ही ज्येष्ठ मास का नाम इसी नक्षत्र से आया है। हिन्दू पंचांग में महीने का नाम उस नक्षत्र पर रखा जाता है जिसमें उस महीने की पूर्णिमा पड़ती है – और ज्येष्ठ पूर्णिमा ज्येष्ठा नक्षत्र में पड़ती है।

यह वही महीना है जिसमें गंगा दशहरा, निर्जला एकादशी और वट सावित्री व्रत आते हैं। साल का सबसे गर्म महीना, और व्रत भी सबसे कठिन – निर्जला एकादशी में तो पानी तक नहीं पिया जाता। सहनशक्ति की परीक्षा लेने वाला महीना, ठीक इस नक्षत्र के स्वभाव जैसा।

दूसरी बात इंद्र देव की है। इंद्र देवताओं के राजा हैं – वज्र धारण करने वाले, वृत्रासुर का वध करने वाले। पर उनकी कथाओं में एक और पक्ष बार-बार आता है: अहंकार। इंद्र कई बार अपने ही घमंड की वजह से पद खो बैठते हैं और फिर तपस्या करके वापस पाते हैं।

यह दोहरापन ज्येष्ठा जातकों में साफ़ दिखता है। नेतृत्व की क्षमता असाधारण होती है, पर जिस दिन “मैं ही सबसे ऊपर हूँ” वाली भावना हावी हो जाती है, उसी दिन से उतार शुरू हो जाता है। इंद्र की कथा इस नक्षत्र के लिए चेतावनी भी है और रास्ता भी।

ज्येष्ठा और गंडांत – एक ज़रूरी बात

ज्येष्ठा नक्षत्र का चौथा पद वृश्चिक राशि के आख़िरी अंशों पर पड़ता है, यानी वृश्चिक 26°40′ से 30°00′ तक। यहीं वृश्चिक ख़त्म होकर धनु शुरू होता है – जल तत्व से अग्नि तत्व में छलांग।

ज्योतिष में इस जोड़ को गंडांत कहा जाता है। गंडांत का शाब्दिक अर्थ है “गाँठ का अंत” – वह संधि बिंदु जहाँ एक तत्व ख़त्म होकर दूसरा शुरू होता है। परंपरा में इसे संवेदनशील माना गया है।

इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि यहाँ जन्मे लोगों के साथ कुछ बुरा होता है। इसका व्यावहारिक अर्थ यह है कि इन जातकों के जीवन में बदलाव तेज़ी से आते हैं – पुराना छूटता है और नया शुरू होता है, अक्सर बिना तैयारी के। यही वजह है कि इस पद के जातकों में बदलाव को संभालने की क्षमता दूसरों से कहीं ज़्यादा विकसित हो जाती है।

अगर आपका जन्म ज्येष्ठा के चौथे पद में हुआ है, तो कुंडली किसी अनुभवी ज्योतिषी से ज़रूर दिखा लें। गंडांत का असर पद, भाव और दशा – तीनों को साथ देखकर ही समझा जा सकता है, अकेले नक्षत्र से नहीं।

ज्येष्ठा नक्षत्र 2027 की तिथि और समय

2027 में ज्येष्ठा नक्षत्र चौदह बार पड़ रहा है। नीचे आरंभ तथा समाप्ति की तिथि और समय दिया गया है। सभी समय भारतीय मानक समय (IST) के अनुसार हैं।

आरंभ तिथिदिनआरंभ समयसमाप्ति तिथिसमाप्ति समय
05 जनवरी 2027मंगलवाररात 12:1506 जनवरी 2027रात 03:07
01 फरवरी 2027सोमवारसुबह 06:2802 फरवरी 2027सुबह 09:22
28 फरवरी 2027रविवारदोपहर 01:4801 मार्च 2027शाम 04:27
27 मार्च 2027शनिवाररात 10:1529 मार्च 2027रात 12:32
24 अप्रैल 2027शनिवारसुबह 06:5725 अप्रैल 2027सुबह 08:58
21 मई 2027शुक्रवारदोपहर 02:5122 मई 2027शाम 04:51
17 जून 2027गुरुवाररात 09:3018 जून 2027रात 11:41
15 जुलाई 2027गुरुवाररात 03:1816 जुलाई 2027सुबह 05:40
11 अगस्त 2027बुधवारसुबह 09:1412 अगस्त 2027सुबह 11:34
07 सितंबर 2027मंगलवारशाम 04:1708 सितंबर 2027शाम 06:17
05 अक्टूबर 2027मंगलवाररात 12:4406 अक्टूबर 2027रात 02:15
01 नवंबर 2027सोमवारसुबह 09:5802 नवंबर 2027सुबह 11:07
28 नवंबर 2027रविवारशाम 06:4029 नवंबर 2027रात 07:48
26 दिसंबर 2027रविवाररात 01:4927 दिसंबर 2027रात 03:15

ज्येष्ठा नक्षत्र के जातकों का स्वभाव

ज्येष्ठा जातक की पहचान एक वाक्य में यह है – जिस पर सब भरोसा करते हैं, पर जिसकी सुनने वाला कोई नहीं होता।

ये लोग ज़िम्मेदारी अपने आप उठा लेते हैं। किसी को कहना नहीं पड़ता। घर में कोई मुश्किल आए, दफ़्तर में कोई काम अटके, या दोस्तों में कोई झगड़ा हो – सब की निगाहें इन्हीं पर जाती हैं। और ये कभी मना भी नहीं करते।

बुध का प्रभाव इन्हें तेज़ दिमाग़ और बोलने की क़ाबिलियत देता है। बात को सही ढंग से रखना, तर्क से किसी को समझाना, बीच का रास्ता निकालना – इसमें इनका कोई मुक़ाबला नहीं। वृश्चिक राशि होने से गहराई भी आती है; ये सतह पर नहीं रुकते, तह तक जाते हैं।

पर इसी की क़ीमत भी है। ज़िम्मेदारी उठाते-उठाते इनके भीतर एक शिकायत जमा होती जाती है – कि जो मैंने सबके लिए किया, वह किसी ने देखा तक नहीं। यह शिकायत ये कहते किसी से नहीं, पर मन में रहती है। समय के साथ यही कड़वाहट या अकेलेपन में बदल जाती है।

दूसरी चुनौती इंद्र वाली है – अभिमान। जब कोई लंबे समय तक सबसे आगे रहता है, तो उसे यह भूलने में देर नहीं लगती कि वह वहाँ अकेले नहीं पहुँचा। ज्येष्ठा जातकों के जीवन में उतार अक्सर बाहरी वजहों से नहीं, इसी एक आदत से आता है।

मज़बूत पक्ष

  • स्वाभाविक नेतृत्व और निर्णय लेने की क्षमता
  • तीखी बुद्धि और असरदार संवाद
  • मुश्किल हालात में सबसे आगे खड़े रहना
  • किसी भी विषय की गहराई तक जाना
  • दूसरों की रक्षा करने की प्रबल भावना
  • अनुशासन और संगठन की समझ

चुनौतियाँ

  • मन की बात किसी से न कहना
  • अभिमान और “मैं ही सही हूँ” वाली सोच
  • क़दर न मिलने की शिकायत भीतर पालना
  • अकेलेपन की भावना, भीड़ में भी
  • परिस्थितियों में अचानक बदलाव के कारण अस्थिरता या मानसिक दबाव
  • ज़रूरत से ज़्यादा गोपनीयता

ज्येष्ठा नक्षत्र 2027 भविष्यवाणी: जीवन के विभिन्न क्षेत्रों के अनुसार

करियर और कामकाज

ज्येष्ठा जातक वहाँ सबसे अच्छा करते हैं जहाँ ज़िम्मेदारी बड़ी हो और फ़ैसले तेज़ी से लेने पड़ें। संकट के समय ये सबसे उपयोगी साबित होते हैं – जब बाक़ी लोग घबरा रहे होते हैं, इनका दिमाग़ सबसे साफ़ चलता है।

2027 में करियर की दिशा साफ़ होती दिखती है। साल की पहली छमाही में किसी नई ज़िम्मेदारी या पद का प्रस्ताव आ सकता है – और वह आपको उतना बड़ा नहीं लगेगा जितना असल में है। ध्यान से देखिए, इसी में आगे का रास्ता छिपा है।

साल के मध्य के बाद पहचान मिलने का समय है। जो काम आपने चुपचाप किया, इस साल उस पर बात होगी। पर एक चेतावनी – इसी दौर में किसी सहकर्मी या वरिष्ठ के साथ अहम की टक्कर की संभावना भी है। ज्येष्ठा जातकों के लिए इस साल सबसे क़ीमती सलाह यही है: सही होना और सही साबित करना, दोनों अलग चीज़ें हैं। हर बार दूसरी वाली ज़रूरी नहीं।

अनुकूल क्षेत्र: प्रशासनिक सेवाएँ, पुलिस और रक्षा, इंजीनियरिंग, कानून, पत्रकारिता और मीडिया, चिकित्सा एवं शल्य चिकित्सा, अनुसंधान और जाँच, कॉर्पोरेट नेतृत्व, आईटी तथा तकनीकी क्षेत्र, ज्योतिष और गूढ़ विद्याएँ।

प्रेम और रिश्ते

रिश्तों में ज्येष्ठा जातक रक्षक की भूमिका में आ जाते हैं। ये साथी का ध्यान रखते हैं, उसके फ़ैसलों में मदद करते हैं, मुश्किल में ढाल बनकर खड़े होते हैं। पर अपनी कमज़ोरी कभी नहीं दिखाते – और यहीं से दूरी शुरू होती है।

2027 में यही सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा। साथी को आपकी मदद नहीं, आपका साथ चाहिए। जिस दिन आप अपनी परेशानी बाँट लेंगे, रिश्ता उसी दिन से मज़बूत होना शुरू होगा। साल की दूसरी छमाही इसके लिए अनुकूल है।

अविवाहित जातकों के लिए वर्ष के मध्य के बाद अच्छे प्रस्ताव आने के संकेत हैं। संभावना है कि यह रिश्ता कार्यक्षेत्र या किसी पेशेवर परिचय के माध्यम से बने।

विवाह और अनुकूलता

वैवाहिक जीवन में ये ज़िम्मेदार और वफ़ादार रहते हैं, पर नियंत्रण की भावना कभी-कभी भारी पड़ जाती है। घर को संभालना और घर पर हुकुम चलाना – इन दोनों के बीच की रेखा इस नक्षत्र के जातकों को सचेत होकर देखनी पड़ती है।

अनुकूलता केवल नक्षत्र से तय नहीं होती। दोनों की पूरी जन्मकुंडली और अष्टकूट गुण मिलान साथ देखने पर ही सही तस्वीर बनती है। ज्येष्ठा के मामले में गंडांत की स्थिति और बुध का बल विशेष रूप से देखा जाना चाहिए।

धन और आर्थिक स्थिति

आय के मामले में यह नक्षत्र उतार-चढ़ाव वाला माना जाता है। कमाई अच्छी होती है, पर एक जैसी नहीं रहती – कभी बहुत, कभी अचानक कम।

2027 में आय बढ़ने के संकेत हैं, विशेषकर साल के मध्य के बाद। पर साथ ही ख़र्च भी बढ़ेंगे, और उनमें से ज़्यादातर परिवार या किसी और की ज़रूरत पर होंगे। ज्येष्ठा जातक “ना” कहना नहीं जानते, और पैसों के मामले में यह आदत सबसे महँगी पड़ती है।

इस साल सबसे ज़रूरी काम एक बात तय करना है – कितना दे सकते हैं, इसकी एक सीमा। उधार देने से पहले सोचिए कि अगर यह पैसा वापस न आए तो चलेगा या नहीं। निवेश में नियमित और लंबी अवधि वाला रास्ता ही ठीक रहेगा; तेज़ मुनाफ़े की योजनाओं से इस साल दूरी रखें।

स्वास्थ्य

ज्येष्ठा जातकों की सबसे बड़ी स्वास्थ्य समस्या शरीर में नहीं, दिमाग़ में शुरू होती है। लगातार ज़िम्मेदारी और भीतर दबा हुआ तनाव – यही दोनों धीरे-धीरे शरीर पर उतरते हैं।

नींद, रक्तचाप और पाचन पर सबसे पहले असर पड़ता है। कंधों और गर्दन में जकड़न भी इस नक्षत्र में आम शिकायत है, जो सीधे तनाव से जुड़ी होती है। बुध के प्रभाव से त्वचा और नसों से जुड़ी शिकायतें भी संभव हैं।

2027 में सबसे ज़रूरी बात है – मदद माँगना सीखिए। यह कमज़ोरी नहीं है। साल में एक बार पूरी जाँच करा लें और तनाव के लिए कोई नियमित तरीक़ा अपनाएँ, चाहे वह व्यायाम हो, ध्यान हो या किसी से खुलकर बात करना।

ज्येष्ठा नक्षत्र के चार पद

प्रथम पद (वृश्चिक 16°40’–20°00′) – धनु नवांश, स्वामी गुरु यहाँ नैतिक स्पष्टता और दर्शन जुड़ जाता है। जातक सिद्धांतों पर चलने वाला होता है और सही-ग़लत का फ़ैसला जल्दी कर लेता है। शिक्षा, कानून, धर्म-दर्शन, परामर्श और सार्वजनिक जीवन इनके अनुकूल हैं।

द्वितीय पद (वृश्चिक 20°00’–23°20′) – मकर नवांश, स्वामी शनि यह पद सबसे मेहनती माना जाता है। धैर्य और अनुशासन असाधारण होता है, सफलता देर से पर पक्की मिलती है। प्रशासन, इंजीनियरिंग, निर्माण, सरकारी सेवा और बड़े संगठनों का प्रबंधन इनके लिए उपयुक्त है।

तृतीय पद (वृश्चिक 23°20’–26°40′) – कुंभ नवांश, स्वामी शनि यहाँ मौलिक सोच और समाज से जुड़ाव आता है। जातक भीड़ से अलग सोचता है और अक्सर किसी बड़े उद्देश्य के लिए काम करता है। शोध, तकनीक, सामाजिक संगठन, पत्रकारिता और नई तरह के काम इनके अनुकूल हैं।

चतुर्थ पद (वृश्चिक 26°40’–30°00′) – मीन नवांश, स्वामी गुरु – गंडांत पद यह सबसे संवेदनशील पद है। अंतर्ज्ञान बहुत प्रबल होता है और जातक में करुणा भी गहरी होती है, पर जीवन में बदलाव तेज़ी से आते हैं। चिकित्सा, सेवा कार्य, ज्योतिष, अध्यात्म, कला और मनोविज्ञान इन जातकों के लिए सबसे उपयुक्त हैं। इस पद के जातकों को कुंडली अवश्य दिखानी चाहिए।

2027 में क्या ध्यान रखें

यह साल ज्येष्ठा जातकों के लिए पहचान और परीक्षा, दोनों लेकर आ रहा है। ज़िम्मेदारी बढ़ेगी और उसके साथ सम्मान भी मिलेगा।

तीन बातें याद रखें: अपनी परेशानी किसी एक भरोसेमंद व्यक्ति से ज़रूर कहिए; हर बहस जीतना ज़रूरी नहीं, कुछ रिश्ते जीतने से ज़्यादा क़ीमती हैं; और पैसों के मामले में “ना” कहना इस साल सीख लीजिए।

ज्येष्ठा नक्षत्र के लिए सरल उपाय

  • बुधवार को भगवान विष्णु अथवा इंद्र देव की उपासना करें
  • “ॐ बुं बुधाय नमः” मंत्र का नियमित जप करें
  • बुधवार को हरी वस्तुएँ – मूँग दाल, हरा वस्त्र या हरी सब्ज़ी – दान करें
  • गणेश जी की उपासना करें; बुध और बुद्धि दोनों से इनका सीधा संबंध है
  • अपने से बड़ों का आदर करें और छोटों की रक्षा करें – यह इस नक्षत्र का स्वाभाविक धर्म है
  • अभिमान से बचें; ज्येष्ठा के लिए विनम्रता किसी भी मंत्र से बड़ा उपाय है
  • ज्येष्ठ मास में जल का दान करें अथवा प्याऊ लगवाएँ
  • अपनी कुंडली के अनुसार व्यक्तिगत उपाय के लिए अनुभवी ज्योतिषी से परामर्श लें

ज्येष्ठा नक्षत्र की असली ताक़त

छत्र इस नक्षत्र का सबसे सही प्रतीक है। छत्र का काम है दूसरों को छाँव देना – और इसके लिए उसे ख़ुद धूप में खड़ा रहना पड़ता है। कोई छत्र की तारीफ़ नहीं करता, पर बारिश में सबसे पहले वही याद आता है।

ज्येष्ठा की सीख यही है। यह नक्षत्र आपको बड़ा बनाता है, पर बड़प्पन की क़ीमत भी माँगता है। जिस दिन आप यह समझ लेते हैं कि ऊपर होना एक पद नहीं, एक सेवा है – उसी दिन से इंद्र वाला अभिमान गिरना बंद हो जाता है और इंद्र वाला तेज बचा रह जाता है।

पर केवल जन्म नक्षत्र से पूरी तस्वीर नहीं बनती। बुध की स्थिति और बल, वृश्चिक में ग्रहों की स्थिति, नक्षत्र का पद, गंडांत की स्थिति, भाव और चल रही दशा – इन सबको साथ देखने पर ही असली चित्र सामने आता है।

अपने व्यक्तिगत समाधान प्राप्त करने के लिए, एक ज्योतिषी विशेषज्ञ से बात करें अभी!

Exit mobile version